wayground logo

Free Printable Worksheets

Font size

S
M
L
XL
Worksheets

अपठित बोध

Total questions: 6

Worksheet time: 27mins

Name
Class
Date
1-5.

विषयवस्तु के आधार पर निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए-

जानें कौन हैं ये 102 वर्षीय महिला एथलीट, जिन्होंने 93 साल की उम्र में शुरू किया था अपना एथलेटिक करियर और जीते कई मैडल

"मिरेकल फ़ॉम चंडीगढ़" के नाम से मशहूर 102 वर्षीय मान कौर भारत की सबसे वरिष्ठ महिला एथलीट हैं। उन्होंने 93 वर्ष की उम्र में अपने एथलेटिक करियर की शुरुआत की थी। उन्हें भारत सरकार द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।जिस उम्र में अधिकांश लोग जीवन को त्यागने के बारे में सोचते हैं, उस उम्र में 93 वर्षीय मान कौर ने एथलेटिक्स में कदम रखा था। आठ साल बाद, 2018 में उन्होंने ऑकलैंड में विश्व मास्टर्स खेलों में 100 मीटर स्प्रिंट जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। मान कौर को यह प्रेरणा और प्रोत्साहन उनके 78 वर्षीय बेटे गुरुदेव ने दिया, जो स्वयं एक शानदार एथलीट हैं। गुरुदेव ने भी विश्व मास्टर्स गेम में भाग लिया है, जिसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए ओलंपिक माना जाता है। आइए जानते हैं कैसे शुरुआत हुई मान कौर के इस करियर की और कैसे रहा उनका अब तक का सफ़र।

बेटे के प्रोत्साहन से की 93 की उम्र में एथलेटिक करियर की शुरुआत

मान कौर के बेटे गुरुदेव ने 2011 में अपनी माँ को खेलों से परिचित कराया। वह कहते हैं कि उनकी माँ 93 की उम्र में भी किसी बीमारी से ग्रस्त नहीं थी न ही वह कभी डॉक्टर के पास गई। गुरुदेव को अपनी माँ की क्षमता का अहसास हुआ और उन्होंने इसे जाँचने के लिए सभी ज़रूरी टेस्ट करवाए। मापदंडों से पता चला कि वह स्वस्थ थीं और गुरुदेव ने तभी से उनकी ट्रेनिंग शुरू कर दी। 2011 में मान कौर ने ट्रेनिंग की शुरुआत की और उसी वर्ष लंबी कूद (3.21 मीटर) में एक रजत, और 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था।

सख्त प्रशिक्षण और डाइट प्लान का पालन करती हैं मान कौर

मान कौर एक सख्त प्रशिक्षण और आहार का पालन करती हैं और यह सुनिश्चित करती हैं कि हर दिन इसका पालन हो। कौर चंडीगढ़ में आउटडोर खेल के मैदानों में हर एकांतर दिन पर ट्रेनिंग करती हैं और अन्य दिनों में जिम जाती हैं। हर बार जब वह खेल के मैदान में उतरती हैं, तो पाँच बार 50 मीटर दौड़ लगाती हैं और 100 मीटर और 200 मीटर की एक-एक दौड़ लगाती हैं। जिम में कौर अपने ऊपरी शरीर को प्रशिक्षित करती हैं। उनके बेटे बताते हैं कि वह रोज़ सुबह उठकर एक गिलास जूस पीती हैं और दिन में दो बार अंकुरित गेहूँ से बनी रोटियाँ खाती हैं। इसके अतिरिक्त, वह फलों के रस, चार चम्मच व्हीटग्रास जूस, नट्स और बीजों का सेवन करती हैं।

भाला फेंक और शॉट पुट भी खेलती हैं मान कौर

दौड़ने और कूदने के अलावा, कौर को भाला फेंक और शॉट पुट भी पसंद है। उन्होंने 2017 के मास्टर्स खेलों में इन दोनों ही विषयों में भाग लिया था। इसके अलावा उन्हें एडवेंचर स्पोर्ट्स का भी शौक है। ऑकलैंड के स्काई टॉवर के शीर्ष पर चलने वाले सबसे बुजुर्ग व्यक्ति होने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है। मान कौर ने ऑकलैंड से 192 मीटर ऊपर बने एक पुल को अपने बेटे का हाथ पकड़ कर पार किया था।

अब तक 20 से ज़्यादा मैडल जीत चुकी हैं "मिरेकल ऑफ़ चंडीगढ़"

93 की उम्र से शुरुआत करने के बाद भी 102 वर्षीय मान कौर अब तक 20 से अधिक मैडल जीत चुकी हैं। इनमें से कुछ मैडल ऐसे हैं जिनमें वह खुद का बनाया रिकॉर्ड ही तोड़ चुकी हैं। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में 2017 मास्टर्स गेम्स में उन्होंने अपने बनाए विश्व रिकॉर्ड में 7 सेकंड का सुधार किया। उन्होंने यह रेस 1 मिनट 14 सेकंड में पूरी की थी। वह अगले वर्ष जापान में होने वाले विश्व मास्टर्स गेम में स्वर्ण पदक जीतना चाहती हैं।

एक एथलीट के रूप में अपने अनुभव को देखते हुए कौर युवा उम्मीदवारों को सलाह देती हैं कि एथलीटों को संतुलित भोजन करना चाहिए और जंकफूड से बचना चाहिए। यह जंकफूड स्वादिष्ट हो सकता है लेकिन हमारे शरीर के लिए अच्छा नहीं है। मान कौर को लगता है कि अच्छे स्वास्थ्य का राज़ अच्छा भोजन और नियमित व्यायाम है। मान कौर देश के प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक प्रेरणा हैं और यह साबित कर रहीं हैं कि उम्र केवल एक संख्या है। अगर हौसले बुलंद हों तो किसी भी उम्र में कुछ नया किया जा सकता है।

1.

उपर्युक्त लेख के अनुसार मान कौर के व्यक्तित्व की व्याख्या करता हुआ सबसे अधिक उपयुक्त विकल्प है -

a)

मान कौर एक अनुशासित महिला हैं।

b)

उनके बेटे गुरुदेव की प्रेरणा ही मान कौर की जीत का प्रमुख कारण है।

c)

मान कौर एक स्वस्थ महिला हैं जो सभी के खानपान का विशेष ध्यान रखती हैं।

d)

मान कौर ने ऑकलैंड में विश्व मास्टर्स खेलों में 100 मीटर स्प्रिंट जीतकर भारत को गौरवान्वित किया।

2.

निम्नलिखित में से कौन-से कारक मान कौर की सफलता के प्रमुख कारण हैं -

(i) बुलंद हौसला

(ii) नियमित अभ्यास

(iii) खेलों के प्रति लगाव

(iv) लोकप्रिय क्षेत्र से संबद्धता

a)

केवल (iv)

b)

(i) और (iv)

c)

(ii) और (iii)

d)

(i) और (ii)

3.

मान कौर को 'मिरेकल फ्रॉम चंडीगढ़' कहने का प्रमुख कारण है -

a)

अकल्पनीय उपलब्धि की प्राप्ति

b)

स्पोर्ट्स में रुचि को बढ़ावा देना

c)

स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहन देना

d)

अनेक पुरस्कार प्राप्त होने के कारण

4.

"ऑकलैंड के स्काई टॉवर के शीर्ष पर चलने वाले सबसे बुजुर्ग व्यक्ति होने का गौरव भी उन्हें प्राप्त

है।" यह कथन दर्शाता है -

a)

जगद्विख्याति

b)

अभिव्यक्ति

c)

रचनात्मकता

d)

कलाभिज्ञता

5.

"मान कौर ने अपने बनाए विश्व रिकॉर्ड में 7 सेकंड का सुधार किया।" यह कथन प्रमाण है कि -

a)

परिवर्तन ही प्रकृति का नियम है।

b)

विश्व रिकॉर्ड बनाया जा सकता है।

c)

हार-जीत तो जीवन में चलती ही रहती है।

d)

सतत प्रयास संशोधन का मार्ग प्रशस्त करता है।

6-10.

विषयवस्तु के आधार पर निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए-

भीड़ हमेशा उस रास्ते पर चलती है, जो रास्ता आसान होता है, लेकिन यह ज़रूरी नहीं कि भीड़ हमेशा सही रास्ते पर चले इसलिए आप अपने रास्ते खुद चुनिए क्योंकि आपको आपसे बेहतर और कोई नहीं जानता।

6.

'भीड़ हमेशा उस रास्ते पर चलती है, जो आसान होता है' कथन भीड़ का दर्शाता है।

a)


आश्वासन

b)

दृष्टिकोण

c)

संतुलन

d)

अधिकार

7.

'अपने रास्ते खुद चुनिए' पंक्ति निम्नलिखित में से किस काव्य पंक्तियों को परिभाषित करती है-

a)

यह महान दृश्य है, चल रहा मनुष्य है, अश्रु स्वेद, रक्त से लथ-पथ, लथ-पथ, लथ-पथ, अग्निपथ ! अग्निपथ ! अग्निपथ !

  • - हरिवंश राय बच्चन

b)

अपने नयन का नीर अपने आप हमको पोंछना। आकाश सुख देगा नहीं, धरती पसीजी है कहीं! हर एक राही को भटककर ही दिशा मिलती रही।

  • - जगदीश गुप्त

c)

भीड़ लोकतंत्र का डुप्लीकेट है, दुनिया के पास तीन तरह के लोग हैं पहला जो भीड़ ला सकता है, दूसरा जो भीड़ बनता है, तीसरा जो भीड़ का शिकार होता है

  • - अज्ञात

d)

भीड़ अपनों की भी है, गैरों की भी है, ये खुशी भी देती है, हौंसला भी देती है भीड़ में भिड़ते भी हैं, झगड़ते भी हैं, यह समझाती भी है, संयम भी सिखाती है

  • - शालिनी प्रिया सिन्हा

8.

'आपको आपसे बेहतर और कोई नहीं जानता' इंगित करता है कि आप हैं -

a)

आत्म-संतुष्ट

b)

सर्वश्रेष्ठ

c)

सर्वज्ञ

d)

आत्म-अन्वेषक

9.

निम्नलिखित में से कौन-सा मुहावरा/लोकोक्ति ऊपर दी गई पंक्तियों से मेल खाता/खाते हैं-

(i) भेड़ चाल चलना

(ii) अपनी राह बनाना

(iii) अंधों में काना राजा

(iv) अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता

a)

(i) और (iv)

b)

(i) और (ii)

c)

(ii) और (iii)

d)

(iii) और (iv)

10.

"आप अपने रास्ते खुद चुनिए। इस पंक्ति के आधार पर दिए गए विकल्पों में से कार्य की समानता को दर्शाने वाला विकल्प कौन-सा होगा-

a)

पानी

b)

पत्थर

c)

लकड़ी

d)

सड़क

11-14.

विषयवस्तु के आधार पर निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए-

भारतीय अर्थव्यवस्था देश में मज़बूत विकास और व्यापार के समग्र दृष्टिकोण में सुधार और निवेश के संकेत के साथ आशावादी रूप से बढ़ रही है। निर्माण को बढ़ावा देने एवं संवर्धन के लिए 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिससे भारत को महत्वपूर्ण निवेश एवं निर्माण, संरचना तथा अभिनव प्रयोगों के वैश्विक केंद्र के रुप में बदला जा सके।

यह मुख्यतः निर्माण क्षेत्र पर केंद्रित है लेकिन इसका उद्देश्य देश में उद्यमशीलता को बढ़ावा देना भी है। इसका दृष्टिकोण निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाना, आधुनिक और कुशल बुनियादी संरचना, विदेशी निवेश के लिए नए क्षेत्रों को खोलना और सरकार एवं उद्योग के बीच एक साझेदारी का निर्माण करना है।

11.

'मेक इन इंडिया' अभियान का अपेक्षित उद्देश्य क्या है?

a)

केवल विदेशी कंपनियों को भारत बुलाना

b)

निर्माण क्षेत्र में अस्थायी रोज़गार सृजन

c)

सरकारी नौकरियों की संख्या बढ़ाना

d)

नवाचार एवं उत्पादन का वैश्विक केंद्र बनाना

12.

निम्नलिखित में से कौन-सा विकल्प 'मेक इन इंडिया' के दृष्टिकोण को सबसे उपयुक्त रूप से परिभाषित करता है?

a)

विदेशों से केवल निवेश प्राप्त करना

b)

केवल भारतीय कंपनियों को प्रोत्साहन देना

c)

सरकार और निजी उद्योगों में साझेदारी बढ़ाना

d)

निर्माण उद्योग में सरकारी नियंत्रण को बढ़ाना

13.

'मेक इन इंडिया' अभियान के बहुआयामी दृष्टिकोण में निम्नलिखित में से कौन-सा तत्व शामिल नहीं है?

a)

निवेश हेतु अनुकूल वातावरण बनाना

b)

आधुनिक एवं कुशल बुनियादी ढाँचा विकसित करना

c)

विदेशी निवेश के लिए नए क्षेत्रों को खोलना

d)

सरकारी नौकरियों में आरक्षण बढ़ाना

14.

उद्यमशीलता' जिन गुणों को परिभाषित करती है, उनके सही युग्म शब्द चुनिए -

a)

आत्मनिर्भर और शालीन

b)

परिश्रमी और शिक्षित

c)

दूरदर्शी और आत्मविश्वासी

d)

व्यवसायी और सहयोगी

15-19.

कविता 'शक्ति और क्षमा' के आधार पर निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए-

क्षमा, दया, तप, त्याग, मनोबल सबका लिया सहारा, पर नर-व्याघ्र सुयोधन तुमसे, कहो, कहाँ, कब हारा?

क्षमाशील हो रिपु-समक्ष तुम हुए विनत जितना ही दुष्ट, कौरवों ने तुमको, कायर समझा उतना ही।

अत्याचार सहन करने का कुफल यही होता है, पौरुष का आतंक मनुज, कोमल होकर खोता है।

क्षमा शोभती उस भुजंग को जिसके पास गरल हो, उसको क्या जो दंतहीन, विषरहित, विनीत, सरल हो।

तीन दिवस तक पंथ माँगते रघुपति सिन्धु किनारे, बैठे पढ़ते रहे छंद, अनुनय के प्यारे-प्यारे।

उत्तर में जब एक नाद भी उठा नहीं सागर से, उठी अधीर धधक पौरुष की, आग राम के शर से।

सिंधु देह धर त्राहि-त्राहि करता आ गिरा शरण में, चरण पूज दासता ग्रहण की, बँधा मूढ़ बंधन में।

सच पूछो, तो शर में ही बसती है दीप्ति विनय की, संधि-वचन संपूज्य उसी का, जिसमें शक्ति विजय की।

सहनशीलता, क्षमा, दया को तभी पूजता जग है, बल का दर्प चमकता उसके, पीछे जब जगमग है।

रामधारी सिंह 'दिनकर'

15.

दिए गए विकल्पों में से कौन-सा शब्द युग्म इस कविता के लिए सर्वाधिक उपयुक्त है?

a)

क्षमा-दया

b)

क्षमा-क्रोध

c)

क्षमा-शक्ति

d)

क्षमा-विनय

16.

निम्नलिखित कथन-कारण को ध्यानपूर्वक पढ़िए और उत्तर देने के लिए सही विकल्प का चयन कीजिए-

कथन (A)-विषहीन, विनीत और सरल साँप द्वारा प्रदत्त क्षमा निरर्थक है।

कारण (R) -जब शत्रु का सामना करने की शक्ति ही नहीं है, तो उसे क्षमा करना भी केवल दिखावा है। ऐसी क्षमा का कोई महत्व नहीं रह जाता।

a)

कथन (A) सही है लेकिन कारण (R) गलत है।

b)

कथन (A) तथा कारण (R) दोनों गलत हैं।

c)

कथन (A) तथा कारण (R) दोनों सही हैं।

d)

कथन (A) गलत है परंतु कारण (R) सही है।

17.

निम्नलिखित पंक्तियों को ध्यानपूर्वक पढ़िए और रेखांकित पद पर विचार करने के बाद उपयुक्त विकल्प चुनिए -

(i) चरण पूज दासता ग्रहण की बँधा मूढ़ बंधन में

(ii) दुष्ट कौरवों ने तुमको कायर समझा उतना ही

इन पंक्तियों में मूढ़ और तुमको शब्द क्रमशः... .के लिए प्रयुक्त हुए हैं।

a)

पांडव और समुद्र

b)

समुद्र और पांडव

c)

पांडव और दुर्योधन

d)

दुर्योधन और समुद्र

18.

कविता में प्रयुक्त 'कोमल' शब्द का सही अर्थ निम्नलिखित किस वाक्य से इंगित होता है?

a)

आँधी के कारण कोमल लता टूटकर गिर गई।

b)

मैदान की हरी-भरी कोमल घास मन को लुभा रही है।

c)

आज कोमल अपने माता-पिता के साथ तमिलनाडु जाएगी।

d)

राजा के कोमल व्यवहार को शत्रु ने उनकी कमज़ोरी समझ लिया।

19.

कविता का संदेश यह है कि क्षमा, दया, तप, त्याग, मनोबल आदि गुणों को महत्व मिले, इसके लिए इनके पीछे का होना आवश्यक है।

a)

उत्क्रम

b)

परिश्रम

c)

पराक्रम

d)

इच्छाशक्ति

20-25.

व्यापार के क्षेत्र में तमाम वैश्विक चुनौतियों के बीच लोगों का मानना है कि देश की अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है। अगले एक वर्ष में भी अर्थव्यवस्था की स्थिति बेहतर होगी। इससे लोगों को नया रोज़गार मिलेगा और आमदनी में भी इजाफ़ा होगा।

बैंक द्वारा किए गए सर्वेक्षण में लोग अर्थव्यवस्था की स्थिति में सुधार को लेकर काफी आशांवित हैं। सितंबर 2022 के बाद सबसे अधिक लोगों ने माना है कि एक वर्ष के अंदर आमदनी में बढ़ोतरी होगी। जबकि मई 2024 के बाद सबसे अधिक लोगों ने रोज़गार में वृद्धि की संभावना व्यक्त की है।

बैंक द्वारा नियमित तौर पर उपभोक्ता विश्वास सर्वे कराया जाता है, जिसमें पता किया जाता है कि लोग महँगाई, रोज़गार, अर्थव्यवस्था की स्थिति और खर्च बढ़ाने जैसे मुद्दों को लेकर क्या सोचते हैं।दो से तीन महीने के अंतराल पर होने वाले सर्वे में अगले एक वर्ष का अनुमान भी लिया जाता है। सर्वे में देश के 100 जिलों और 610 गाँवों से जुड़े नौ हजार लोगों को शामिल किया गया।

राज्य सर्वे में शामिल

दिल्ली 100

पंजाब 800

उत्तर प्रदेश 1000

महाराष्ट्र 200

उत्तराखंड 100

आमदनी के आधार पर भी पाँच हज़ार रुपये कम आय से लेकर एक लाख से अधिक की मासिक आय वर्ग के लोगों को भी सर्वे में शामिल किया गया, जिसमें महिला, पुरुष, दैनिक मज़दूर, पेंशन भोगियों, नौकरीपेशा में अन्य श्रेणी के लोगों से सवाल पूछे गए। सर्वे शहर और अर्धशहरी क्षेत्र से आने वाले लोगों पर केंद्रित रहा।

वेतन भोगी और गृहिणी सबसे ज्यादा आशावादी

वर्तमान आर्थिक स्थिति और भविष्य में सुधार को लेकर वेतनभोगी वर्ग से जुड़ा समूह और गृहिणियाँ सबसे ज्यादा आशावादी हैं, जिन्हें सबसे अधिक उम्मीद है कि आने वाले समय में वेतन वृद्धि होगी और देश में रोज़गार के नए अवसर भी मिलेंगे।

20.

नागरिकों की आय निम्न में से किस स्थिति में बढ़ती है?

a)

बैंक में वित्त की वृद्धि से

b)

उपभोक्ताओं की माँग आपूर्ति से

c)

नागरिकों की शैक्षणिक योग्यता बढ़ने से

d)

देश में नए रोज़गार के अवसर बढ़ने से

21.

निम्नलिखित वाक्यों में 'सर्वेक्षण' शब्द की सही व्याख्या करने वाला विकल्प चुनिए-

a)

एक नियमबद्ध परियोजना, जिसका विशेष उद्देश्य हो।

b)

एक सुनियोजित कार्य, जिसका उद्देश्य सफल होना ही है।

c)

एक अध्ययन, जिसमें डेटा संग्रह, विश्लेषण और व्याख्या होती है।

d)

एक प्रक्रिया, जिसमें किसी स्थान विशेष की पूरी जानकारी दी जाए।

22.

उपभोक्ता विश्वास सर्वे का मुख्य उद्देश्य निम्नलिखित में से किसकी वृद्धि को दर्शाता है?

a)

रोज़गार

b)

बचत

c)

व्यय

d)

वित्त

23.

उपर्युक्त सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए कार्य की क्रमबद्धता के सही चरण का चुनाव कीजिए -

(i) विषय/क्षेत्र का चुनाव

(ii) विश्लेषण व रिपोर्ट

(iii) एकत्रित आँकड़ों का मूल्यांकन

(iv) प्रश्नावली निर्माण व परियोजना

a)

(i), (iii), (iv), (ii)

b)

(iii), (ii), (iv), (i)

c)

(i), (iv), (iii), (ii)

d)

(iii), (ii), (iv), (i)

24.

दिए गए रेखाचित्र (ग्राफ़) के अनुसार मार्च 2024 रोज़गार और आय का आँकड़ा इस तथ्य की

ओर रुझान करता है कि -

a)

देश की वित्तीय स्थिति कैसी है।

b)

रोज़गार और आय का अनुपात सही है।

c)

रोज़गार कम किंतु आय ज़्यादा बढ़ रही है।

d)

नागरिकों की वास्तविक आर्थिक स्थिति कैसी है।

25.

निम्नलिखित में से कौन-कौन से तत्व देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति के सुधार को सुनिश्चित करने में सहायक है?

(i) आय और क्रय क्षमता में वृद्धि

(ii) रोज़गार के नए अवसरों में वृद्धि

(iii) लोगों का विदेशी खेलों में निवेश करना

(iv) लोगों का विभिन्न बचत योजनाओं में निवेश करना

a)

(i) और (iii)

b)

(iii) और (iv)

c)

(i), (iii) और (iv)

d)

(i), (ii) और (iv)

26-30.

अनुच्छेद -1

जीवित जड़ों से बने पुल मेघालय के सबसे खूबसूरत मूर्त विरासत स्थलों में से एक हैं। इन स्थलों को हाल ही में यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल किया गया है। यह स्थानीय लोगों के अपने क्षेत्र के साथ संबंध और यहाँ के ज्ञान का प्रतीक होने के साथ-साथ लोगों के लिए सांस्कृतिक महत्व भी रखता है। इनका निर्माण 'खासी' एवं 'जयन्तिया' जनजाति के लोग ही किया करते हैं। मेघालय के जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोग वहाँ उगने वाले वृक्षों की जड़ों और शाखाओं को एक दूसरे से जोड़कर पुल का रूप दे देते हैं। इस प्रकार के पुल ही जीवित जड़ पुल कहलाते हैं।

अनुच्छेद -2

ये प्राकृतिक रूप से निर्मित पुल हैं, जिन्हें मुख्य रूप से नदी के दोनों ओर 'फ़िकस इलास्टिका' के दो रबर के पेड़ लगाकर बनाया जाता है। बहुत सालों में जाकर ये पेड़ इस स्थिति में आ जाते हैं कि दोनों किनारों के पेड़ों की जड़ें आपस में बंध जाते हैं। 20 से 30 वर्षों की अवधि में, वे मौजूदा पुलों पर जड़ों का मार्गदर्शन करना जारी रखते हैं जब तक कि जड़ें अपने आप खड़ी नहीं हो जातीं, जिनकी लगातार जाँच और देखभाल की जाती है। ये पुल अक्सर 50 से 100 फीट ऊँचाई पर हो सकते हैं। ये इतने मजबूत भी होते हैं कि 50 लोगों का वजन एक साथ सह सकते हैं। एक जीवित जड़ पुल सैकड़ों वर्षों तक टिके रहने में सक्षम माना जाता है। राज्य का सबसे लंबा जीवित जड़ पुल 175 फीट लंबा बताया जाता है। शहर के बीचों-बीच स्थित नोंगबरेह लिविंग रूट ब्रिज अपनी मनमोहक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। विभिन्न गाँवों में लगभग 100 या उससे अधिक जीवित जड़ पुल हैं। इनमें से कुछ सबसे लोकप्रिय जीवित जड़ पुल नोंग्रियाट, चेरापूंजी, नोंगबारेह और अन्य आस-पास के स्थानों में हैं।

अनुच्छेद -3

यह न केवल स्थानीय वनस्पतियों द्वारा प्राकृतिक रूप से निर्मित है, बल्कि ये पुल जैव विविधता के लिए भी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये परागगण वाले कीट की सहायता करते हैं, शैवाल-काई को बढ़ावा देते हैं, गिलहरियों व पक्षियों के लिए आवास प्रदान करते हैं। पेड़ों को पुलों में बदलकर, खासी लोग कई ऐसे स्थान बनाने में सफल रहे हैं जहाँ जानवर सुरक्षित रूप से नदियाँ पार कर सकते हैं। बार्क हिरण और बादल वाले तेंदुए जंगल में अंतराल को पार करने के लिए जड़ पुलों का उपयोग करने के लिए जाने जाते हैं। स्थानीय लोगों ने न केवल अद्भुत वास्तुकला को जीवित रखा है बल्कि अपने क्षेत्र की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण में सराहनीय योगदान दिया है। ये पुल न केवल सुंदरता बढ़ाते हैं बल्कि जिस क्षेत्र में वे स्थित हैं, उसके विकास और कल्याण का भी समर्थन करते हैं।

26.

पुल को जीवित क्यों कहा गया है?

a)

आस-पास जीव-जंतुओं का संरक्षण होता है।

b)

ग्रामीण लोग इसका ज़्यादा प्रयोग करते हैं।

c)

वृक्ष की जड़ों और शाखाओं से बनता रहता है।

d)

जीव-जंतुओं और लोगों के लिए जीवनदायक है।

27.

जीवित पुल को 'मूर्त विरासत' कहने का अभिप्राय है -

a)

पूर्वजों का सम्मान करना।

b)

प्रकृति के साथ तालमेल रखना।

c)

पूर्वजों की कला को जीवित रखना।

d)

स्थानीय लोगों की कर्मठता का प्रमाण।

28.

प्रस्तुत विषयवस्तु के अनुच्छेद क्रम संख्या 1, 2, 3 के उचित शीर्षक के क्रम का अ, ब, स के साथ मिलान कीजिए और सही विकल्प का चयन कीजिए-

(अ) संरचना

(ब) पर्यावरणीय पारिस्थितिकी तंत्र

(स) सांस्कृतिक धरोहर

a)

अनुच्छेद 1 - स

अनुच्छेद 2 - अ

अनुच्छेद 3 - ब

b)

अनुच्छेद 1 - ब

अनुच्छेद 2 - स

अनुच्छेद 3 - अ

c)

अनुच्छेद 1 - अ

अनुच्छेद 2 - ब

अनुच्छेद 3 - स

d)

अनुच्छेद 1 - स

अनुच्छेद 2 - ब

अनुच्छेद 3 - अ

29.

नोंगबरेह लिविंग रूट ब्रिज को किस कारण जाना जाता है?

a)

ऊँचाई और उपयोगिता

b)

रंगीन रोशनी और अनोखी संरचना

c)

मनमोहक खूबसूरती और अनोखी संरचना

d)

ऊँचाई और आस-पास के बाज़ार

30.

कथन (A) और कारण (R) को पढ़कर उपयुक्त विकल्प चुनिए -

कथन (A) एक जीवित जड़ पुल सैकड़ों वर्षों तक टिके रहने में सक्षम माना जाता है।

कारण (R) वर्तमान में 'जीवंत पुल' की उपलब्धता अद्भुत आश्चर्य की बात है।

a)

कथन (A) और कारण (R) दोनों ग़लत हैं।

b)

कथन (A) ग़लत लेकिन कारण (R) सही है।

c)

कथन (A) सही है और कारण (R) उसकी सही व्याख्या है।

d)

कथन (A) सही है लेकिन कारण (R) उसकी सही व्याख्या नहीं है।